Saturday, June 26, 2010

क्षमा दिवस


व्यक्तित्व का अद्भुत गुण है क्षमा 

क्षमा का जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। यदि इंसान कोई गलती करे 
और उसके लिए माफी माँग ले तो सामने वाले का गुस्सा काफी हद तक
 दूर हो जाता है। जिस तरह क्षमा माँगना व्यक्तित्व का एक अच्छा गुण है
 उसी तरह किसी को क्षमा कर देना भी इंसान के व्यक्तित्व में चार चाँद
 लगाने का काम करता है। माफ करने वाले व्यक्ति की हर कोई तारीफ 
करता है और उसकी प्रसिद्धि दूर दूर तक फैल जाती है।

कवियों ने क्षमा को अपने-अपने ढंग से परिभाषित किया है। 
'क्षमा बड़न को चाहिए छोटन को उत्पात, कहाँ रहीम हरि को
 घट्यो जो भृगु मारी लात' जैसी पंक्तियाँ यही संदेश देती हैं कि 
क्षमा करना बड़ों का दायित्व है। यदि छोटे गलती कर देते हैं 
तो इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें माफ न किया जाए।

वहीं रामधारी सिंह दिनकर ने कहा है कि क्षमा वीरों को 
ही सुहाती है। उन्होंने लिखा है ‘क्षमा शोभती उस भुजंग 
को जिसके पास गरल हो, उसका क्या जो दंतहीन विषहीन
 विनीत सरल हो।' वह लिखते हैं- 
सहनशीलता, क्षमा, दया को तभी पूजता जग है बल का दर्प चमकता 
उसके पीछे जब जगमग है।

क्षमा को सभी धर्मों और संप्रदायों में श्रेष्ठ गुण करार दिया गया है। 
जैन संप्रदाय में इसके लिए एक विशेष दिन का आयोजन किया 
जाता है। मनोविज्ञानी भी क्षमा या माफी को मानव व्यवहार का 
एक अहम हिस्सा मानते हैं। 

उनका कहना है कि यह इंसान की जिन्दगी का एक अत्यंत 
महत्वपूर्ण पहलू है। क्षमा का मनुष्य के व्यक्तित्व में बहुत 
महत्व होता है। यदि आदमी गलती कर दे और उसके लिए 
माफी नहीं माँगे तो इसका मतलब यह हुआ कि उसके 
व्यक्तित्व में अहम संबंधी विकार है। 

माफी माँगना और माफ करना दोनों ही इंसानी व्यक्तित्व 
को परिपूर्ण करने वाले तत्व हैं। लेकिन कुछ लोग जो 
जानबूझकर, बार-बार लगातार और मूर्खतावश या 
अहंकारवश गलती करते हैं, उन्हें कभी माफ नहीं करना
 चाहिए। आज के जमाने में माफ करने वाला बेवकूफ 
समझा जाता है। अगर कोई आपके व्यक्तित्व को बार-बार 
अपमानित करने की कोशिश करें तो समय यह कहता है 
कि ऐसे व्यक्ति का त्याग करना ही मुनासिब है।

Sabhar : balmuskan

असफलता अंत नहीं





अपने आप से समझौता न करें 

अच्छा जॉब पाना और उसके लिए लगातार मेहनत करना किसी प्रतियोगी
परीक्षा के लिए वह भी पूर्ण लगन के साथ। आपने लगन के साथ मेहनत
की है पर परिणाम नकारात्मक आ रहा है। आप क्या करेंगे? मेहनत
करना छोड़ देंगे या अपना लक्ष्य बदल देंगे? यह स्थिति प्रत्येक युवा
 के सामने आती है। सफलता प्राप्ति का दबाव एक असफलता के बाद जरा
 ज्यादा ही हो जाता है। व्यक्ति स्वयं से प्रश्न पूछने लगता है कि आखिर
कहाँ गड़बड़ हो गई? 

दरअसल व्यक्ति कई बार इस प्रकार की स्थिति होने पर पलायनवादी
मानसिकता अपना लेता है। वह असफलता से इतना डर जाता है कि
पुन: उस रास्ते पर जाने की वह हिम्मत नहीं जुटा पाता। वह अपने
आप से समझौता करने लगता है कि शायद पेपर ही कठिन था या
 जॉब इंटरव्यू में उससे ज्यादा काबिल लोग आए थे। इतनी मेहनत
 करना मेरे बस की बात नहीं आदि। वह अपने आपको ही तर्क देने
लगता है और मेहनत से जी चुराने के लिए प्रेरित करने लगता है।
 जबकि यही समय होता है आत्मविश्लेषण करने का, अपनी कमियों
को स्वयं के सामने रखने का और सफलता से पुन: प्रेम करने का। 




* असफलता अंत नहीं 

परीक्षा या जॉब न पाने की असफलता का मतलब अंत नहीं है।
असफलता का मतलब होता है कि बस अब आप सफलता के
 लिए तैयार हो रहे हैं। रोजाना की जिंदगी में हमें कई ऐसे
लोग मिलते हैं जिन्होंने आरंभिक रूप से असफलता पाई परंतु
समय के साथ उन्होंने तर्कों की कसौटी पर सफलता को ऊँचा
ही रखा और पुन: अपने आपको प्रेरित कर मेहनत करने
लगते हैं। वे असफलता को अपने आप पर हावी नहीं होने देते। 

* एक ही लक्ष्य 
असफलताओं से होता हुआ रास्ता ही सफलता के नजदीक
पहुँचाता है। असफलता आपको बताती है कि कहाँ गड़बड़
हो गई और अगले प्रयास में कहाँ ज्यादा मेहनत करना है।
इससे आपको अपने लक्ष्य की प्राप्ति में काफी आसानी
हो जाती है। क्योंकि लक्ष्य और भी सटीक और सामने
नजर आने लगता है ऐसा लक्ष्य जो पहले से ज्यादा नजदीक है।

लक्ष्य की निकटता आपको ‍और ‍अधिक मेहनत करने के
लिए प्रेरित करती है। 

* असफलता भी सभी के साथ बाँटें
अक्सर हम असफलता को दुनिया से छिपाते हैं। इसके परिणाम
 काफी घातक सिद्ध होते हैं। जब सफलता को हम सभी को बताना
चाहते हैं तब असफलता को छुपाने से हम स्वयं ही ऐसे विचारों
के द्वंद्व में खो जाते हैं जहाँ से केवल असफलता ही नजर आने
लगती है। असफलता मिलने का मतलब है कि आपने प्रयास
किया और क्या प्रयास करने को भी आप दुनिया के सामने
नहीं लाना चाहेंगे। 

असफलता को अपने दोस्तों और परिवार वालों के साथ बाँटें,
हो सकता है कि आपको वे ऐसी राय दें जिसके बारे में आपने
कभी कल्पना ही न की हो। इससे मन भी नकारात्मक
विचारों से हल्का हो जाएगा जिससे ताजे और सकारात्मक
विचारों के लिए आपके मन में जगह बन पाएगी और आप
पुन: सफलता के लिए अपने प्रयास तेज कर देंगे।

sabhar : balmuskan

Hindi Typing Tool